1.25.2013

डेविड हेडली को 35 साल की सजा


मुंबई हमलों के सिलसिले में चरमपंथी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संदिग्ध सदस्य डेविड हेडली को अमरीका की एक अदालत ने 35 साल की सजा सुनाई है.
शिकागो की एक अदालत ने गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच ये फैसला सुनाया.
पाकिस्तानी मूल के 52 वर्षीय अमरीकी नागरिक हेडली को एफबीआई ने अक्टूबर 2009 में गिरफ्तार किया था. उन पर 2008 के मुंबई हमलों का षड़यंत्र रचने और उस पर अमल करने के आरोप थे.
मुंबई हमलों में छह अमरीकी नागरिकों सेमत 166 लोग मारे गए थे.
बाद में हेडली ने अपने ऊपर लगे आरोपों को कबूल कर लिया और मौत की सजा न दिए जाने का आश्वासन मिलने के बाद वो अमरीकी सरकार की 'आतंकवाद विरोधी कोशिशों' में मदद करने के लिए सहमत हो गए.

'हल्की नहीं सजा'

हेडली को ये भी भरोसा दिया गया कि उन्हें भारत, पाकिस्तान या डेनमार्क प्रत्यर्पित नहीं किया जाएगा.
अमरीकी स्टेट अटॉर्नी गैरी एस शारिपो ने लश्कर-ए-तैयबा और अन्य चरमपंथी संगठनों के खिलाफ कोशिशों में मदद करने पर हेडली के लिए 30 से 35 साल तक की सजा की मांग की थी.
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार जज हैरी लाइननवेबर ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि जो सजा मैं हेडली को दे रहा है, उसके बाद वो आजीवन जेल में रहेंगे.”
उन्होंने कहा कि मौत की सजा देना कहीं आसान होता, “जिसके लायक आप हो” लेकिन जज ने 35 साल की सजा दी. उनके अनुसार, “ये भी हल्की सजा नहीं है.”
लेकिन जज ने ये भी कहा, “मुझे हेडली की इस बात में कोई भरोसा नहीं है कि वो अब बदल गए हैं और अमरीकी जीवनशैली में उनका विश्वास है.”
नवंबर 2008 में समुद्र के रास्ते मुंबई में दाखिल हुए हथियारबंद चरमपंथियों ने कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया और 166 लोगों की जानें ले ली जबकि हमलों में सैंकड़ लोग घायल भी हुए.
हमलों के दौरान गिरफ्तार इकलौते चरमपंथी अजमल आमिर कसाब को हाल ही में पुणे की यरवदा जेल में फांसी दी गई.

No comments:

Post a Comment